
गोण्डा। जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में एक मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जहाँ नवाबगंज थानाक्षेत्र के एक गांव के अधेड़ व्यक्ति ने वजीरगंज की 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को अपनी हवस का शिकार बना लिया।और फिर महीनों उसका शारीरिक शोषण किया। यह तब उजागर हुआ जब पीड़िता ने बीते रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज में एक बच्ची को जन्म दिया। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया के एक्स हैंडल पर वायरल हो रहा है,जिसपर लोग आरोपी को भला बुरा कह रहे हैं। बहरहाल वीडियो की पुष्टी अमर भारती नहीं करता पर बताया जाता है कि, इस मामले से आहत पीड़िता की मां ने बच्ची के माँ बनने के बाद तुरंत थाने पर आरोपी के विरुद्ध तहरीर दी, लेकिन आरोप है कि आरोपी के रसूख के चलते स्थानीय पुलिस ने मामले को दबाने का प्रयास किया। हल्के पुलिस पर आरोपी से मिलीभगत कर पीड़िता की मां को समझौते के लिए दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक,नवाबगंज के भोपतपुर गांव के रहने वाले आरोपी अवध किशोर मिश्रा उर्फ लल्लन,लकड़ी की ठेकेदारी का काम करता है। वह इसी सिलसिले में पीड़िता के घर आता-जाता था। किशोरी की मां का कहना है कि आरोपी ने लगभग 40 हजार रुपये के पेड़ खरीदे थे, उसी बहाने उसने घर में आना-जाना बढ़ा लिया और बहला-फुसलाकर बेटी का यौन शोषण करने लगा।
मां के मुताबिक हमें तब सब पता चला जब मेरी नाबालिग बेटी ने अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया। हमने थाने में रिपोर्ट दी, लेकिन पुलिस ने हमें ही कानून और समाज का डर दिखाकर समझौता करने की बात कही।
नवजात को लेकर दौड़ते रहे आरोपी और पीड़िता
बताया जा रहा है कि सोमवार को आरोपी अवध किशोर, पीड़िता, उसकी मां और छोटी बहन को अपनी कार से नवाबगंज लेकर गया। वहां उसने सीएचसी और निजी अस्पतालों में नवजात को दिखाया, लेकिन कहीं भर्ती नहीं किया गया। बाद में सभी अयोध्या के श्रीराम अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने महिला जिला अस्पताल जाने की सलाह दी।
महिला अस्पताल में करीब दो घंटे तक नाबालिग प्रसूता अपनी नवजात बच्ची को गोद में लिए फर्श पर बैठी रही — इस दौरान आरोपी इलाज कराने की कोशिश का दिखावा करता रहा। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आया।
आरोपी ने कहा ,बच्ची को गोद दे दूंगा
अस्पताल में मौजूद लोगों ने बताया कि जब आरोपी से पूछा गया कि अब नवजात का क्या होगा, तो उसने बेहद बेशर्मी भरे लहजे में कहा — किसी से बात हुई है, बच्ची को गोद ले लेगा।
इस दौरान आरोपी, पीड़िता की मां और नाबालिग के बीच तीखी बहस भी हुई, जिसके बाद वह सभी को लखनऊ ले जाने की बात कहकर रवाना हो गया।
अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि नाबालिग और नवजात बच्ची कहां हैं और उनकी हालत कैसी है।
पुलिस की चुप्पी और टालमटोल
जब इस मामले पर प्रभारी निरीक्षक वजीरगंज यशवंत सिंह से बात की गई तो उन्होंने विषय से बचते हुए टालमटोल भरे जवाब दिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी क्षेत्र में प्रभावशाली है और पुलिस उस पर कार्रवाई करने से बच रही है।
वायर वीडियो में पीड़िता की मां ने कहा मुझे मिले न्याय
वायरल वीडियो में पीड़िता की मां ने कहा —मैं न्याय चाहती हूं। उस आदमी ने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी। मैं इस बच्ची को अपने पास नहीं रख पाऊंगी। मेरी शादी और इलाज का खर्च उसी को उठाना होगा।
वहीं उसकी मां ने कहा — अगर पुलिस ने शुरू में सुनवाई कर ली होती तो आज बेटी की यह हालत न होती।
बहरहाल अब जिला प्रशासन और महिला थाने को स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि इस नाबालिग को न्याय मिल सके और पुलिस की मिलीभगत की जांच हो।