📍 लोकेशन: कासगंज | रिपोर्ट: बोबी ठाकुर
कासगंज। जनपद कासगंज की सदर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात बाइक सवार दो युवकों पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। बाइक सवार बदमाशों ने पहले एक युवक को डंडा मारा और फिर पीछे बैठे युवक पर गोली चला दी। गोली युवक के बाएं हाथ में जा लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को पहले जिला अस्पताल कासगंज में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया।
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घायल युवक की पहचान गोविंद पुत्र मुकेश चंद्र (20 वर्ष) निवासी विधोनी गांव, थाना सोरों के रूप में हुई है। वह अपने मौसेरे भाई रामजीत पुत्र प्रेम सिंह के साथ कासगंज से बाजार करके लौट रहा था।
जैसे ही दोनों की बाइक किलोनी और बहेड़िया गांव के पास पहुंची, तभी हेलमेट पहने दो बदमाशों ने पहले डंडा मारकर बाइक रोकने की कोशिश की। जब बाइक नहीं रुकी तो उन्होंने पीछा कर गोली चला दी। गोली गोविंद के बाएं हाथ में लगी।
घटना की सूचना पर सीओ सिटी आँचल चौहान पुलिस टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचीं और घायल से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।