
सैफई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी द्वारा निर्मित नेताजी मेमोरियल समाजवादियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इस मेमोरियल के माध्यम से नेताजी के विचार हमारे जीवन में हमेशा जीवंत रहेंगे।
अखिलेश यादव ने बताया कि आज के दिन समाजवादी कार्यकर्ता संकल्प लेते हैं कि नेताजी के बताए रास्ते पर चलकर देश के किसान, मजलूम, अल्पसंख्यक, आदिवासी और मुस्लिम भाइयों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि नेताजी ने कई ऐसे फैसले लिए, जिनके परिणाम समाज में स्पष्ट बदलाव लाते हैं।
मुख्य रूप से समाजवाद और सेकुलरिज्म को मजबूत करने का काम नेताजी ने हर अवसर पर किया। संविधान को बचाने की लड़ाई में समाजवादी हमेशा अग्रणी रहे हैं और अब यह मेमोरियल समय-समय पर हमारी ढाल बनकर उसका संदेश जनता तक पहुंचाएगा।
अखिलेश ने कहा कि सामाजिक न्याय के राज की स्थापना के लिए संघर्ष जारी रहेगा और हर पीड़ित, दुखी और अपमानित व्यक्ति PDA के मूल्यों से जुड़ा हुआ है। इस लड़ाई को आगे बढ़ाकर PDA के सम्मान के लिए लगातार काम किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रयास रहेगा कि अगले वर्ष तक यह प्रेरणा स्थल पूरा कर लिया जाए। नेताजी के जन्मदिन 22 नवंबर, 2026 को इसे बड़े कार्यक्रम के साथ उद्घाटित किया जाएगा।