
बहराइच। इण्डिया एक्सपो सेंटर-मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित यू.पी.आई.टी.एस. की यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 के अंतर्गत गेंद घर मैदान में लग रहे स्वदेशी मेले में एम.एल.सी. डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र त्रिपाठी और अन्य अधिकारियों के साथ भ्रमण कर स्टालों का अवलोकन किया और खरीदारी भी की।
इस अवसर पर एम.एल.सी. डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने आमजन से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में आकर दिवाली महापर्व के अवसर पर जिले के हस्तशिल्पियों, कारीगरों और उद्यमियों द्वारा स्थानीय स्तर पर उत्पादित वस्तुओं की खरीदारी करें और “स्वदेशी अपनाएं, देश को आत्मनिर्भर बनाएं” के संकल्प को साकार करने में सहयोग दें।
डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि मेले में प्रदर्शित उत्पादों की बिक्री से जिले के स्वरोजगारियों, विशेषकर युवा हस्तशिल्पियों का उत्साह बढ़ेगा, जिससे अन्य युवा भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यही सोच है कि स्वदेशी मेले के आयोजन को स्थानीय हस्तशिल्पी, कारीगर और उद्यमी एक अवसर के रूप में अपनाएं, जिससे उनके उत्पादों को नई पहचान मिले।
मेले में जिला पर्यटन एवं सांस्कृतिक परिषद के तत्वावधान में शाहिद रज़ा एंड पार्टी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम और काव्य संध्या का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक और कवि संतोष सिंह ने किया। इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग केशव राम वर्मा, जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार, अन्य अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, उद्यमी, व्यापारी और आमजन उपस्थित रहे।