“किसानों और पत्रकारों पर झूठे मुकदमे न हों” — भाकियू (हलधर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरेन्द्र सोलंकी का बयान

कासगंज।दीपावली के शुभ अवसर पर भारतीय किसान यूनियन (हलधर) के तत्वावधान में शहर के ब्रज वाटिका में किसान एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाकियू (हलधर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरेन्द्र सोलंकी ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और किसानों व पत्रकारों के सम्मान की बात कही।

धीरेन्द्र सोलंकी ने अपने संबोधन में कहा कि किसान देश का अन्नदाता है और पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ। पत्रकार समाज का आईना होते हैं, जो गांव से लेकर राजधानी तक जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की निष्पक्ष भूमिका समाज और लोकतंत्र दोनों को मजबूती देती है, इसलिए सरकार को उनके हितों की रक्षा हेतु ठोस नीतियां बनानी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करने वाले पत्रकारों को विशेष सुरक्षा और सम्मान दिया जाना चाहिए, क्योंकि वे सीमित संसाधनों में कठिन परिस्थितियों में भी जनता की आवाज बनते हैं। सोलंकी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि “किसानों और पत्रकारों पर झूठे मुकदमे दर्ज करना लोकतंत्र के साथ अन्याय है और इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।”

इस दौरान उन्होंने भाकियू स्वराज गुट पर कटाक्ष करते हुए कहा — “जैसी करनी वैसी भरनी। संगठन के सिद्धांतों से भटकने वाला ज्यादा देर तक नहीं टिक सकता।” उन्होंने कहा कि भाकियू (हलधर) हमेशा किसानों के अधिकारों और सामाजिक सरोकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों को सम्मानस्वरूप शॉल, डायरी और मिष्ठान भेंट किए गए। समारोह में आपसी सौहार्द और एकता का माहौल रहा।

इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक राघव, प्रदेश अध्यक्ष कृष्णगोपाल भदौरिया, युवा प्रदेश अध्यक्ष अरुण चौहान, जिला अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में संगठन पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।