सुहेल हत्या कांड का हैदराबाद पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

गोला, उ.प्र। गोला थाना क्षेत्र के हैदराबाद पुलिस ने हाल ही में सुहेल हत्या कांड का सफल खुलासा किया। इस मामले में राम निवास उर्फ डिम्पल, गोविंद वर्मा और आदित्य वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चाकू, मोबाइल, शराब की बोतल, स्पिट डिजायर कार और अन्य सामान बरामद किया। जानकारी के अनुसार, हत्या उधारी के 200 रुपये के विवाद के चलते की गई थी। हत्या करने के बाद शव को बोरे में भरकर गाड़ी से ले जाकर पेट्रोल डालकर जलाया गया। मृतक का मोबाइल भी फेंक दिया गया था जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आदित्य वर्मा ने सुहेल को शराब पिलाकर घर बुलाया, जहां राम निवास और गोविंद पहले से ही मौजूद थे। आरोपियों ने सुहेल के पीछे से आकर पहले गला काटा और फिर सिर में चाकू से कई बार वार किया। आरोपियों ने मार्च 2024 में मृतक सुहेल और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गाली-गलौज का मुकदमा भी दर्ज कराया था।

मामले का खुलासा करने में सी.ओ. गोला के निर्देशन में चार सर्विलांस टीमें लगी हुई थीं, जिन्होंने अपराधियों को पकड़ने में सफलता पाई।