
लखनऊ, जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल की अध्यक्षता में प्रदेश कार्यकारिणी की मासिक बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री तथा प्रदेश प्रभारी मा० श्रवण कुमार के लखनऊ आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने कहा कि बिहार में माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में मिली अभूतपूर्व सफलता ने देश की राजनीति को नई दिशा दी है, जिसमें मंत्री श्रवण कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि आठ बार विधायक रहे श्रवण कुमार को उत्तर प्रदेश का प्रभार मिलने से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है।
मंत्री श्रवण कुमार ने अपने कर-कमलों से सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया और इसे संगठन की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि बिहार की जीत में सदस्यता अभियान की प्रमुख भूमिका रही है, इसलिए सभी कार्यकर्ता इसे प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाएं।
समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने बलरामपुर, फतेहपुर और गोंडा जिलों में हाल में हुई आपराधिक घटनाओं का संज्ञान लिया। इस पर प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है, जो अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी, ताकि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के लिए पूरी तैयारी में जुटने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महासचिव सुभाष पाठक एवं संजय पटेल द्वारा किया गया।