
रुनकता। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे रुनकता क्षेत्र में एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें स्कूटी से कॉलेज जा रहे सिविल इंजीनियर अशोक कुमार (60) को ट्रक ने रौंद दिया। घटना खड़वाई के समीप नेशनल हाइवे पर हुई।
सूत्रों के अनुसार, रोहता आगरा निवासी अशोक कुमार अपने रोज़मर्रा के कॉलेज आने-जाने के रूट नहर सड़क मार्ग से शारदा ग्रुप कॉलेज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मारी और स्कूटी ट्रक के नीचे फंस गई। तेज़ टक्कर से स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और अशोक कुमार का पैर कट गया।
सूचना मिलते ही रुनकता पुलिस मौके पर पहुंची और घायल इंजीनियर को तुरंत एस एन हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि अशोक कुमार सिविल इंजीनियर हैं और रोज़ाना इसी मार्ग से कॉलेज जाते थे। घटना ने क्षेत्रवासियों में भी दहशत फैला दी है।