
बहराइच।
जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर प्रशासन और सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रयास लगातार जारी हैं। इसी क्रम में आदर्श समाज सेवा समिति उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में कस्बा जमोग स्थित पंडित राधेश्याम पाण्डेय सरस्वती इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी एवं विशिष्ट अतिथि पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात समिति के पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों का बुके, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी ने अपने संबोधन में कहा कि युवतियां और छात्राएं देश का भविष्य हैं। महिलाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से सशक्त बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज के प्रति जागरूक महिलाएं ही सामाजिक कुरीतियों को समाप्त कर सकती हैं और सुरक्षित व स्वस्थ समाज की नींव रख सकती हैं।
वहीं विशिष्ट अतिथि सीओ नानपारा पहुप सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जनपद में मिशन जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में डरने की आवश्यकता नहीं है, निडर होकर पुलिस से संपर्क करें। साथ ही महिला हेल्पलाइन, मिशन शक्ति, साइबर सुरक्षा और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आगे आएं।
गोष्ठी के दौरान महिलाओं एवं छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान, महिला हेल्पलाइन नंबर, साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनों तथा उनके अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, महिलाएं और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।