आगरा से किसानों का सैलाब नोएडा ‘जीरो पॉइंट’ पहुंचेगा, चौधरी राकेश टिकैत करेंगे हुंकार


आगरा बरहन। यमुना एक्सप्रेसवे से प्रभावित किसानों की लंबित समस्याओं और हकों की लड़ाई के लिए भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने बड़े आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आगामी 22 दिसंबर (सोमवार) को नोएडा स्थित ‘जीरो पॉइंट’ पर एक विशाल किसान महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है।
भाकियू के आगरा जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने बताया कि इस महापंचायत को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत सहित देश के कई वरिष्ठ किसान नेता संबोधित करेंगे। पंचायत का मुख्य उद्देश्य यमुना एक्सप्रेसवे के निर्माण से प्रभावित किसानों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराना है।
जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने जनपद के समस्त वर्तमान व पूर्व जिला पदाधिकारियों, महानगर इकाई, तहसील व ब्लॉक अध्यक्षों सहित युवा और महिला प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया है कि वे इस महापंचायत की तैयारियों में पूरी ताकत से जुट जाएं। उन्होंने बताया कि आगरा से कार्यकर्ताओं और किसानों का जत्था प्रातः 9:00 बजे नोएडा के लिए प्रस्थान करेगा।
राजवीर लवानिया ने कहा, “यह किसानों के अस्तित्व और उनके अधिकारों की लड़ाई है। जनपद का प्रत्येक पदाधिकारी अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करे ताकि सरकार तक किसानों की आवाज मजबूती से पहुंच सके।”