पुरस्कार वितरण के साथ राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का हुआ भव्य समापन


बहराइच। डिस्ट्रिक्ट ओलम्पिक एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय मदन लाल अग्रवाल स्मारक द्वितीय राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबलों एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ भव्य समापन हो गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि सांसद आनंद कुमार गोंड रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी एवं विधायक सुभाष त्रिपाठी उपस्थित रहे।
समारोह में अंडर-15 एवं अंडर-19 बालक-बालिका एकल व युगल वर्ग के साथ सुपर सीनियर वर्ग के विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबलों में दर्शकों को रोमांचक और उच्च स्तरीय खेल देखने को मिला।
मुख्य अतिथि सांसद आनंद कुमार गोंड ने कहा कि ऐसे राज्य स्तरीय आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच मिलता है। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि खेलों के विकास के लिए केंद्र व राज्य सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
विधायक सुभाष त्रिपाठी ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखकर स्वस्थ समाज के निर्माण में सहायक होती हैं। वहीं एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने कहा कि बेटियां आज खेल के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले व प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं और ऐसे आयोजन उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
डिस्ट्रिक्ट ओलम्पिक एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष मल्होत्रा एवं सचिव मनोज गुप्ता ने बताया कि अंडर-15 एकल बालिका वर्ग में लखनऊ की मेगन प्रकाश ने बहराइच की गत वर्ष की चैंपियन अरुणिमा यादव को पराजित किया। अंडर-15 बालिका युगल में अरुणिमा यादव (बहराइच) व रिधिमा यादव (गोरखपुर) की जोड़ी विजयी रही। अंडर-19 एकल बालिका वर्ग में प्रियंका गौतम (लखनऊ) तथा अंडर-19 बालिका युगल में अरुणिमा यादव (बहराइच) व प्रियंका (लखनऊ) की जोड़ी ने जीत दर्ज की।
अंडर-15 बालक युगल वर्ग में अभय रस्तोगी व लोनीबेन पावे (लखनऊ) तथा अंडर-19 बालक युगल वर्ग में आयुष मिश्र (अयोध्या) व प्रशांक (आजमगढ़) की जोड़ी ने ट्रॉफी अपने नाम की। सुपर सीनियर वर्ग में 90+ आयु वर्ग में अनिल जायसवाल व अनुतोष कमल, 100+ आयु वर्ग में अनिल जायसवाल व संजीव सोलंकी तथा 110+ आयु वर्ग में राणा अनिल सिंह व अनिल जायसवाल की जोड़ी विजेता रही।
समारोह में सदर विधायक प्रतिनिधि अशोक जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि करनवीर सिंह, विधायक पयागपुर प्रतिनिधि निशंक त्रिपाठी, ओलम्पिक संघ के संरक्षक अशोक मातनहेलिया, उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, चेयरमैन कुलभूषण अरोड़ा, बैडमिंटन संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह एवं टूर्नामेंट संयोजक राणा अनिल सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजन में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम करन टेकडीवाल की विशेष भूमिका रही। टूर्नामेंट का संचालन यूपी बैडमिंटन एसोसिएशन के प्रोटोकॉल के अनुसार मैच कंट्रोलर ए.आर. अंसारी एवं रेफरी मयंक द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का संचालन राधेश्याम गुप्ता ने किया।