
फतेहपुर-बाराबंकी। नगर क्षेत्र स्थित सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी एवं महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती संयुक्त रूप से पूर्व संध्या पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुभाष चंद्र श्रीवास्तव (वन क्षेत्र अधिकारी, देवां रेंज) एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार वर्मा द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन व पुष्पार्चन कर किया गया।
मुख्य अतिथि सुभाष चंद्र श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय का योगदान शिक्षा, पत्रकारिता, समाज सुधार और स्वतंत्रता संग्राम में अतुलनीय है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना कर उन्होंने भारतीय संस्कृति से जुड़ी आधुनिक शिक्षा की मजबूत नींव रखी। वहीं अटल बिहारी वाजपेयी एक कुशल राजनेता, ओजस्वी वक्ता, संवेदनशील कवि और प्रखर पत्रकार थे, जिनका 1999 से 2004 तक का कार्यकाल राष्ट्र निर्माण व सुशासन के लिए ऐतिहासिक रहा।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार वर्मा ने अतिथियों, आचार्यों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और प्रेरणा से ओतप्रोत रहा।