
आगरा। कमला नगर स्थित संत निलय, श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर परिसर में भारतीय जैन संघटना, आगरा द्वारा आयोजित दो दिवसीय “स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप” का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग की जैन समाज की बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित इस निःशुल्क कार्यशाला में 35 चयनित प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जैन संघटना उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष रोहित जैन अहिंसा एवं प्रदेश सचिव सुरेंद्र कुमार जैन द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। उद्घाटन सत्र में वक्ताओं ने कहा कि इस वर्कशॉप का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा, स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच और आत्मनिर्भरता का विकास करना है, जिससे वे भविष्य में सशक्त, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
कार्यशाला के पहले दिन बालिकाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। दिल्ली से आईं प्रशिक्षक हेमंत जैन एवं पलक जैन ने आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास विषय पर बालिकाओं को सकारात्मक सोच, लक्ष्य निर्धारण, स्वयं की पहचान और प्रभावी संवाद कौशल की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही सुरक्षा, स्व-संरक्षण एवं आत्मरक्षा से जुड़े सत्र में दैनिक जीवन में सतर्कता, सुरक्षित व्यवहार और आपात परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले व्यावहारिक उपायों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
आयोजकों ने बताया कि कार्यशाला के दूसरे दिन स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, मानसिक सशक्तिकरण तथा जीवन कौशल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही बालिकाओं को निर्णय क्षमता, आत्मनिर्भरता और व्यवहारिक जीवन कौशल से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। समापन अवसर पर प्रतिभागी अपने अनुभव साझा करेंगी और कार्यशाला पूर्ण करने वाली बालिकाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में भारतीय जैन संघटना, आगरा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन मनोज जैन बाकलीवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सीए सुरेश जैन उपस्थित रहे। साथ ही भारतीय जैन संघटना के अध्यक्ष शैलेंद्र जैन, शहर अध्यक्ष अंकुश जैन, अंकेश जैन, अनिल जैन, नरेश जैन, शुभम जैन सहित संघटना के अनेक सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।