
लखीमपुर खीरी। शाओलिन स्पोर्ट्स ऑफ मार्शल आर्ट्स के तत्वाधान में नेपाल में आयोजित फर्स्ट इंडो-नेपाल टोंग इल मो दो ओपन मार्शल आर्ट्स चैंपियनशिप 2026 में उत्तर प्रदेश सहित भारत के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता 3 से 5 जनवरी 2026 तक नेपाल के स्पोर्ट्स काउंसिल हॉल, धनगढ़ी (कैलाली) में आयोजित हुई, जिसमें भारत से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर, गोरखपुर, देवरिया और लखनऊ के खिलाड़ियों ने भाग लिया। चैंपियनशिप में भारत की टीम ने कुल 7 स्वर्ण, 11 रजत और 13 कांस्य पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग में विवेक जायसवाल और सौरभ राज ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत को गौरवान्वित किया, वहीं कई अन्य खिलाड़ियों ने रजत और कांस्य पदक हासिल किए। बालिका वर्ग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने दमखम दिखाते हुए कई पदक जीते। नेपाल में आयोजित प्रतियोगिता में विश्व टोंग इल मो दो संघ के चेयरमैन डॉ. चुंग सिक यॉन्ग मुख्य अतिथि रहे, जबकि नेपाल सरकार के मंत्री मेघराज खड़का सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। भारत की ओर से टीम का नेतृत्व इंडिया चीफ जितेंद्र कुमार ने किया। विजयी खिलाड़ियों के लखीमपुर खीरी लौटने पर रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद 7 जनवरी 2026 को कलेक्ट्रेट परिसर में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी लव कुश कुमार भार्गव ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।