
भटनी/देवरिया। नगर पंचायत भटनी बाजार द्वारा विकास कार्यों और नागरिक सुरक्षा को लेकर आयोजित विशेष बैठक गुरुवार की शाम नगर पंचायत कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में नगर के प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण, नालियों एवं सड़कों से अतिक्रमण हटाने तथा नदी किनारे कटान रोकने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। कई प्रस्तावों पर आम सहमति बनी, वहीं कुछ मुद्दों पर उपस्थित लोगों ने सवाल और आपत्तियाँ भी दर्ज कराईं।
बैठक में सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव को अधिकांश सदस्यों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने नगर विकास के लिए आवश्यक बताते हुए समर्थन किया। हालांकि कुछ वक्ताओं ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान प्रभावित दुकानदारों और नागरिकों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। नदी कटान रोकने के लिए प्रस्तावित बांध और सड़क निर्माण पर भी अधिकांश लोगों ने सहमति जताई, लेकिन इसे चरणबद्ध और पूरी पारदर्शिता के साथ लागू करने पर जोर दिया गया।
अतिक्रमण हटाने के मुद्दे पर बैठक में मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिली। कुछ लोगों ने इसे नगर की व्यवस्था सुधारने और यातायात सुचारु करने के लिए जरूरी बताया, जबकि कुछ ने अतिक्रमण हटाने से पहले प्रभावित लोगों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
नगर पंचायत चेयरमैन विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार निरंतर विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने सांसद शशांक मणि त्रिपाठी और विधायक सुरेन्द्र चौरसिया के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्थन से भटनी नगर में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़े हैं। चेयरमैन ने बताया कि वर्तमान में भटनी नगर की आबादी 25 हजार से अधिक हो चुकी है और नगर के विस्तार को देखते हुए बुनियादी सुविधाओं का विकास आवश्यक है। उन्होंने दान में दी गई लालाओं की अरबों रुपये मूल्य की भूमि के लिए आभार भी व्यक्त किया।
बैठक में नगर पंचायत अधिकारियों ने सभी पक्षों की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि किसी भी निर्णय को लागू करने से पहले सभी हितधारकों की समस्याओं और सुझावों पर विचार किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि विकास और सुरक्षा के बीच संतुलन बनाए रखते हुए आगे की कार्यवाही की जाएगी और संवाद की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।
इस दौरान पूर्व चेयरमैन बलराम जायसवाल ने 115 नंबर ढाला पर प्रस्तावित पुल निर्माण को तत्काल रोकने की मांग की। उन्होंने कहा कि पहले वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जानी चाहिए, अन्यथा गांधी चौक बाजार में जाम की समस्या और गंभीर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भी क्षेत्र में खरवास की स्थिति बनी हुई है, ऐसे में सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
वहीं पूर्व चेयरमैन रमेश चंद्र वर्मा ने गरीब और कमजोर वर्ग के हितों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नगर की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बसे गरीब लोगों को पहले राहत दी जानी चाहिए। उन्होंने रामलीला मैदान और बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण का जिक्र करते हुए कहा कि कार्रवाई लाइन-बाई-लाइन और नियमों के अनुसार होनी चाहिए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी से आग्रह किया कि विकास के नाम पर गरीबों को उजाड़ने की बजाय उनके हितों की रक्षा की जाए।
बैठक में अधिशासी अधिकारी अमित सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष, पूर्व एवं वर्तमान सभासद, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, अधिवक्ता, स्थानीय पत्रकार, नगर की सम्मानित जनता तथा भटनी थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। नगर विकास की दिशा में इस बैठक को एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों और आम जनता के बीच हुए खुले संवाद से यह स्पष्ट संकेत मिला कि नगर की सुरक्षा, सुव्यवस्था और विकास को लेकर सभी पक्ष गंभीर हैं।