
फतेहपुर/बाराबंकी। थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र में लाल चंदन लकड़ी की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने तस्करी के लिए ले जाई जा रही लगभग 40 किलो लाल चंदन की लकड़ी बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बरामद लाल चंदन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, बीती देर रात गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि कस्बा बेलहरा क्षेत्र के कैथा मोड़ से लाल चंदन की लकड़ी कन्नौज ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर थाना मोहम्मदपुर खाला पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर घेराबंदी की। रात के अंधेरे में सड़क किनारे दो संदिग्ध खड़े दिखाई दिए। जब पुलिस टीम ने टार्च की रोशनी डाली तो दोनों संदिग्ध भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ दूरी के बाद दोनों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान नकी उर्फ मोहम्मद रसीद और मोहम्मद शमी उर्फ नक्कटा पुत्र असगर अली, निवासी कोड़री थाना मोहम्मदपुर खाला के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से 39 किलो 500 ग्राम लाल चंदन की लकड़ी बरामद की गई।
कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि अक्टूबर 2025 में उन्होंने जगतपुर निवासी सचिन कुमार के खेत से दो चंदन के पेड़ चोरी कर काटे थे। इसके बाद लकड़ी को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर अलग-अलग समय पर कन्नौज ले जाकर फुटकर में बेचते थे। पुलिस ने बताया कि चंदन के पेड़ चोरी किए जाने की शिकायत पहले से ही थाने में दर्ज थी।
थाना प्रभारी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, उत्तर प्रदेश ट्रांजिट ऑफ रिमांड अदर फॉरेस्ट प्रोड्यूस रूल्स और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।