किसान की बेटी पुष्पांजलि ने एनडीए परीक्षा में पाई सफलता, नेवी में सब लेफ्टिनेंट बनकर रचा इतिहास

अछनेरा। क्षेत्र के गांव कुकथला निवासी किसान की बेटी पुष्पांजलि ने एनडीए परीक्षा उत्तीर्ण कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दूसरे प्रयास में सफलता हासिल करने वाली पुष्पांजलि का चयन भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट पद के लिए हुआ है। वह क्षेत्र की पहली महिला सैन्य अधिकारी बनने जा रही हैं, जिससे गांव और आसपास के इलाके में गर्व और उत्साह का माहौल है।
पहले प्रयास में फाइनल मेरिट से चूकने के बाद भी पुष्पांजलि ने हार नहीं मानी और पूरे आत्मविश्वास के साथ दोबारा तैयारी में जुट गईं। घर पर रहकर कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ पढ़ाई कर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। देश सेवा का जज्बा ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा रहा।
पुष्पांजलि के पिता प्रद्युम्न कुमार किसान हैं जबकि मां राधा देवी गृहिणी हैं। चार संतानों में सबसे छोटी पुष्पांजलि ने ग्रीनलैंड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अछनेरा से इंटरमीडिएट तक की शिक्षा प्राप्त की और शुरू से ही मेधावी छात्रा रहीं। किसान मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह ने बताया कि पुष्पांजलि के चचेरे भाई राहुल वर्मा भी एनडीए उत्तीर्ण कर भारतीय नौसेना में लड़ाकू विमान के पायलट के रूप में देश सेवा कर रहे हैं।
किसान परिवार की बेटी के नेवी में अधिकारी बनने की खबर से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और लोग इसे ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बता रहे हैं।