
फतेहाबाद।थाना डौकी पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत रविवार को गांव पैंतीखेड़ा में महिलाओं और बच्चियों के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।
सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद अनिल कुमार ने बताया कि मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इसमें 1090 (वीमेन पावर हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 108 व 102 (एम्बुलेंस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) शामिल हैं। इसके साथ ही महिला हेल्पडेस्क, महिला बीट पुलिस अधिकारी, एंटी रोमियो स्क्वाड, महिला साइबर सेल और शासन की योजनाओं—मुख्यमंत्री सुकन्या योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान—के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
स्वास्थ्य जागरूकता के लिए डॉक्टरों की टीम ने महिलाओं को पोषण, गर्भावस्था देखभाल, नियमित जांच और अन्य स्वास्थ्य संबंधी जानकारियाँ दी। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं से किसी भी समस्या पर बिना संकोच पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह सहित मिशन शक्ति टीम मौजूद रही। स्वास्थ्य जागरूकता के लिए पाठक हॉस्पिटल शमशाबाद से डॉ. स्वाति पाठक (एमबीबीएस, गायनेकोलॉजिस्ट), डॉ. अंकुर पाठक (फिजिशियन) और कुंडौल स्थित राम वंदना हॉस्पिटल की चिकित्सक टीम ने सहभागिता की।