नुक्कड़ नाटक के कलाकारों ने दिया स्वच्छता का संदेश, लोगों ने की जमकर सराहना

फतेहपुर/बाराबंकी। नगर क्षेत्र में भारत सरकार के नुक्कड़ नाटक अभियान के तहत स्वच्छता का संदेश देने के लिए कलाकारों द्वारा मनमोहक नाट्य प्रस्तुतियां दी गईं। सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित इन नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया और नगर को स्वच्छ रखने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
सोमवार को नगर पंचायत चेयरमैन इरशाद अहमद कमर एवं अधिशासी अधिकारी संध्या मिश्रा के नेतृत्व में स्वच्छता सर्वेक्षण के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें अनाउंसमेंट, रैली, परिचर्चा के साथ-साथ नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों तक संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से नगर के विभिन्न स्थानों पर ये नाटक प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
नुक्कड़ नाटकों के जरिए पॉलिथीन के दुष्प्रभाव, खुले में शौच मुक्त वातावरण, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने, स्वच्छता एप्लीकेशन की जानकारी, होम कंपोस्टिंग की विधियां सहित अन्य स्वच्छता संबंधी जानकारियां सरल और रोचक अंदाज में दी गईं। हंसी-ठहाकों के बीच कलाकारों ने स्वच्छता अपनाने के लाभ और गंदगी से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे देखकर मौजूद लोगों ने खूब सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों द्वारा लोगों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर सफाई नायक आफताब आलम, विमल, वार्ड सहायक मोहम्मद जीशान, फहीम, शुऐब, नवीद सहित अनेक नगर पंचायत कर्मी उपस्थित रहे।