सीकरी में आयोजित महिला ओपन रेस में 400 धाविकाओं ने दिखाया दमखम, खेल भावना और सशक्तिकरण का संदेश

फतेहपुर सीकरी। महाराजा खेमकरण जी की जयंती के अवसर पर बुधवार को आयोजित महिला ओपन रेस (4800 मीटर) क्षेत्र में खेल भावना और महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण बनी। इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आई करीब 400 महिला धाविकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
महिला ओपन रेस की शुरुआत सोनोठी से हुई और यह चौमा चौकी तक संपन्न हुई। दौड़ के दौरान अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का सराहनीय प्रदर्शन देखने को मिला। मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और धाविकाओं का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल निवासी एकता राजपूत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। गाजीपुर की प्रियांशु कुमारी ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि दिल्ली की रुखसाना तीसरे स्थान पर रहीं। दाऊजी मथुरा की रानी चौधरी चौथे तथा प्रतापगढ़ की वर्षा सिंह पांचवें स्थान पर रहीं। आयोजकों द्वारा सभी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आयोजक एवं ग्राम प्रधान शिशु ने कहा कि महिलाओं और युवाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसे खेल एवं सामाजिक कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान सरपंच विश्वेंद्र कुमार, दामोदर ओझा, गौरव जिंदल सहित अन्य आयोजक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।