
फतेहपुर-बाराबंकी। तहसील सभागार में शुक्रवार को लेखपाल संघ का दो वर्षीय चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। चुनाव में आशीष कुमार तहसील अध्यक्ष तथा हिमांशु वर्मा मंत्री चुने गए। अध्यक्ष पद पर आशीष कुमार ने कड़े मुकाबले में कपिल देव को महज एक मत से पराजित किया, जबकि मंत्री पद पर हिमांशु वर्मा ने 15 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
कुल 55 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में आशीष कुमार को 28 मत और कपिल देव को 27 मत प्राप्त हुए। वहीं मंत्री पद पर हिमांशु वर्मा को 35 मत मिले, जबकि रेनू वर्मा को 20 मतों से संतोष करना पड़ा।
अन्य पदों पर निर्विरोध रूप से पदाधिकारियों का चयन किया गया। इसमें सर्वेश यादव को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सत्येंद्र कुमार को कनिष्ठ उपाध्यक्ष, शालिनी तिवारी को कोषाध्यक्ष, विनोद कुमार को उप मंत्री तथा दीपक वर्मा को ऑडिटर चुना गया।
चुनाव प्रक्रिया को निर्वाचन अधिकारी शुभेन्द्र अवस्थी और विनीत कुमार ने सम्पन्न कराया, जबकि पर्यवेक्षक के रूप में राजेश यादव मौजूद रहे। इस अवसर पर स्थानीय इकाई के सभी लेखपाल उपस्थित रहे और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।