
कसया, कुशीनगर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक गतिविधि केंद्र तरंग की ओर से शैक्षणिक सत्र 2025–26 के लिए 39वें इंटर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल (नॉर्थ सेंट्रल जोन, हरियाणा) के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर में किया गया। इसमें अभिनय, प्रहसन, प्रश्नोत्तरी, भाषण, वाद-विवाद, एकल नृत्य, गायन सहित कई सांस्कृतिक विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में बुद्ध स्नातकोत्तर महाविद्यालय के परास्नातक छात्र बासु प्रसाद गोंड ने भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया। तरंग की निदेशक प्रो. उषा सिंह ने बताया कि प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी ही दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए नॉर्थ सेंट्रल जोन हरियाणा में आयोजित इंटर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल में प्रतिभाग करेंगे। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्कृति और कला व्यक्ति के सर्वांगीण विकास की आधारशिला होती है और उन्हें विश्वास है कि विश्वविद्यालय के छात्र अंतर विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विनोद मोहन मिश्र, राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. निगम मौर्य, डॉ. पारस नाथ, डॉ. राकेश कुमार सोनकर, डॉ. सौरभ द्विवेदी सहित अन्य शिक्षकों ने बासु को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।