
लखनऊ, 22 जनवरी। सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS) के संस्थापक एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत रहे स्व. डॉ. जगदीश गांधी की द्वितीय पुण्यतिथि पर सीएमएस परिवार ने गहरी श्रद्धा और सम्मान के साथ उन्हें नमन किया। इस अवसर पर बैकुंठ धाम रोड स्थित ‘बहाई समाधि स्थल’ पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जहां सीएमएस की संस्थापक-निदेशिका डॉ. भारती गांधी, उनकी पुत्रियां डॉ. सुनीता गांधी, प्रो. गीता गांधी किंगडन, डॉ. नीता गांधी फोरूही, बहू श्रीमती मोना गांधी, पौत्र रोशन गांधी व सारा सहित बड़ी संख्या में सीएमएस के छात्र, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर स्व. डॉ. गांधी को स्मरण किया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर सर्वधर्म समभाव की भावना के अंतर्गत विभिन्न धर्मों के अनुयायियों द्वारा सामूहिक प्रार्थना की गई, वहीं सीएमएस के संगीत शिक्षकों ने शांति प्रार्थनाओं का पाठ किया। डॉ. भारती गांधी ने कहा कि डॉ. जगदीश गांधी का सम्पूर्ण जीवन भावी पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण को समर्पित रहा। उनके आदर्श, शिक्षा के प्रति समर्पण और मानव मूल्यों पर दिया गया बल सदैव सीएमएस परिवार का मार्गदर्शन करता रहेगा। उन्होंने समाज में शांति और सद्भाव के लिए एक पौधरोपण भी किया।
सीएमएस प्रबंधक प्रो. गीता गांधी किंगडन ने स्व. डॉ. गांधी को सच्चा कर्मयोगी बताते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि, अटूट संकल्प और अथक परिश्रम हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर सीएमएस के सभी 22 परिसरों में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं, जिनमें 63 हजार से अधिक छात्र-शिक्षकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही कार्ड मेकिंग, वाद-विवाद, लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों ने उनकी विश्व एकता और विश्व शांति की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।