
कसया, कुशीनगर।बुद्ध इंटर कॉलेज कुशीनगर के स्टेडियम में सोमवार को आयोजित स्व. रोहन मणि त्रिपाठी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट–2026 के तहत जिले का पहला एकदिवसीय महिला क्रिकेट मैच खेला गया। गोरखपुर क्रिकेट एकेडमी और कुशीनगर क्रिकेट एकेडमी के बीच खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में कुशीनगर की टीम ने गोरखपुर को दो विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
मैच का आयोजन केसीए के कोच अजहर अली की देखरेख में किया गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गोरखपुर क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 97 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुशीनगर क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 17.3 ओवर में 8 विकेट खोकर 98 रन बनाते हुए मैच जीत लिया।
शानदार प्रदर्शन के लिए अमृता राव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अमृता ने 4 ओवर में मात्र 9 रन देकर 3 विकेट झटके। मैच के बाद अतिथियों द्वारा विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
मैच में अंपायरिंग की भूमिका अमन राय और रामप्रकाश ने निभाई, जबकि स्कोरिंग विकास सिंह ने की। कमेंट्री की जिम्मेदारी सत्यप्रकाश तिवारी ने संभाली। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों राधा कृष्ण शर्मा, संतोष पाठक, रविशंकर मिश्रा, सर्वेश सिंह, अरुण चौबे, सचिन पाठक, मिर्जा वकील बेग, अशोक सिंह, सभासद अजेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजक अंशु मणि त्रिपाठी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रतिभागी महिला खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसे आयोजन महिला क्रिकेट को नई पहचान दिलाने में सहायक साबित होंगे।