अब कोई रहम नहीं! रणवीर सिंह लौटे ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के साथ

हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी फ्रेंचाइज़ी में शुमार हो चुकी धुरंधर एक बार फिर वापसी के लिए तैयार है। जबरदस्त बॉक्स ऑफिस सफलता और पॉप कल्चर में अपनी मजबूत पहचान बनाने के बाद अब मेकर्स ने इसके बहुप्रतीक्षित दूसरे पार्ट का ऐलान कर दिया है। जियो स्टूडियोज़ और बी62 स्टूडियोज़ ने आज धुरंधर: द रिवेंज का पहला पोस्टर और टाइटल रिलीज़ कर दिया है, जिसने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।
रिलीज़ किए गए पोस्टर में रणवीर सिंह पहले पार्ट से बिल्कुल अलग, कहीं ज्यादा खतरनाक और आक्रामक अंदाज़ में नजर आ रहे हैं। काले ट्रेंच कोट, खुले बाल और लाल पृष्ठभूमि में खड़ा उनका लुक इस बात का साफ संकेत देता है कि इस बार कहानी और भी गहरी, एक्शन और भी निर्दयी और बदले की आग कहीं ज्यादा भयानक होने वाली है। पोस्टर देखते ही साफ हो जाता है—धुरंधर अब समझौते के मूड में नहीं है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर अब तक की सबसे बड़ी हिंदी फिल्म मानी जा रही है। यह फिल्म सिर्फ एक बॉक्स ऑफिस हिट नहीं रही, बल्कि एक ऐसा सिनेमाई अनुभव बनी जिसने दर्शकों के बीच अपना अलग फैनबेस खड़ा कर लिया। अब धुरंधर: द रिवेंज के साथ यह कहानी और भी बड़े स्तर पर आगे बढ़ेगी और एक मजबूत सिनेमैटिक यूनिवर्स का रूप लेगी।
फिल्म की रिलीज़ डेट भी बेहद खास रखी गई है। धुरंधर: द रिवेंज 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। यह तारीख ईद, गुड़ी पड़वा और उगादी जैसे बड़े त्योहारों से जुड़ी है, जिससे फिल्म को देशभर में जबरदस्त ओपनिंग मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि फिल्म को हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज़ किया जाएगा। दक्षिण भारत में फिल्म की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, और इसी वजह से 2026 को पहले ही ‘धुरंधर का साल’ कहा जाने लगा है।
धुरंधर: द रिवेंज एक हाई-ऑक्टेन स्पाई-एक्शन थ्रिलर है, जिसे आदित्य धर ने लिखा, निर्देशित और प्रोड्यूस किया है। फिल्म के निर्माता ज्योति देशपांडे और लोकेश धर हैं। जियो स्टूडियोज़ द्वारा प्रस्तुत और बी62 स्टूडियोज़ के बैनर तले बनी यह फिल्म 19 मार्च 2026 से सिनेमाघरों में तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है।