सुसाइड से पहले युवक ने बनाया वीडियो, लगाए गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी

लखीमपुर खीरी। थाना मैलानी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने आत्महत्या करने से पहले वीडियो बनाकर कुछ नामचीन और प्रभावशाली लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतक की पहचान थाना भीरा निवासी सुमित गुप्ता के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय मोटरसाइकिल एजेंसी पर कार्यरत था। आत्मघाती कदम उठाने से पूर्व सुमित ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने कुछ लोगों द्वारा बंधक बनाए जाने और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की बात कही है। वीडियो में उसने सोने के आभूषणों से जुड़े एक पुराने विवाद का भी उल्लेख किया है, जिसे उसकी मौत की मुख्य वजह माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि युवक ने घटना से पहले स्वयं पीआरवी (PRV) को फोन कर सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मृतक द्वारा बनाए गए वीडियो में लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। वीडियो में लिए गए नामों, विवाद की पृष्ठभूमि और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि किन परिस्थितियों में युवक को यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।