48 ग्राम स्मैक के साथ दो नेपाली युवक गिरफ्तार, जमुनहा में एनसीबी व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से हड़कंप

बहराइच। भारत-नेपाल सीमा से सटे जमुनहा थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। रुपईडीहा सीमा से लगे क्षेत्र में मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) नेपालगंज और जमुनहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दो नेपाली युवकों को 48 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद सीमा क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
चौंकाने वाली बात यह रही कि सीमा पर सख्त निगरानी, एसएसबी की तैनाती और कई जांच कैमरे लगे होने के बावजूद आरोपी युवक स्मैक लेकर जमुनहा क्षेत्र तक पहुंचने में सफल रहे। इस घटना ने एक बार फिर सीमा सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए बांके जिले के डीएसपी एवं पुलिस प्रवक्ता दीपक पातली ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोनों संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 48 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान नेपाल के जिला दांग अंतर्गत गढ़वा गांव सभा निवासी 30 वर्षीय हिमाल केसी तथा घोराही उप-महानगर पालिका वार्ड नंबर-3 निवासी 27 वर्षीय शरद खड़का के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को स्मैक सहित अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए नेपालगंज स्थित एसपी कार्यालय, बांके भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि इसके तार सीमा पार सक्रिय किसी बड़े गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।