
फतेहाबाद। तहसील परिसर में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम स्वाति शर्मा ने की। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखते हुए त्वरित समाधान की मांग की।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 45 शिकायतें दर्ज की गईं, लेकिन मौके पर एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। इस पर एसडीएम स्वाति शर्मा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।
प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 26 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा पुलिस विभाग से 4, राजस्व व पुलिस से जुड़े 2, विकास विभाग से 3 तथा अन्य विभागों से संबंधित 10 शिकायतें दर्ज की गईं।
इस मौके पर तहसीलदार बबलेश कुमार, नायब तहसीलदार प्रमोद कुमार, उपखंड विद्युत अधिकारी गौरव राजपूत, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीन चौधरी, एडीओ पंचायत नरेंद्र पाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और फरियादियों की समस्याएं सुनीं।