नेमीचंद एजुकेशन एकेडमी व शांति देवी इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई

किरावली (आगरा)। ग्राम पुरामना स्थित नेमीचंद एजुकेशन एकेडमी एवं शांति देवी इंटर कॉलेज के प्रांगण में शनिवार को कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जूनियर विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक श्री भूप सिंह इंदौलिया द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात कक्षा 11वीं की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को उल्लासमय बना दिया। विदाई समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कुछ विद्यार्थियों ने नाटक के जरिए विद्यालय जीवन की खट्टी-मीठी यादों को मंच पर जीवंत कर दिया, जिसे देखकर उपस्थित शिक्षक और अभिभावक भावुक हो उठे।
समारोह के अंत में कक्षा 12वीं के सभी छात्र-छात्राओं को विद्यालय प्रबंधन की ओर से उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रबंधक भूप सिंह इंदौलिया एवं प्रधानाचार्य हरीकांत शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विदाई एक नए सफर की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए उनके सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। प्रमुख रूप से प्रभाकर शर्मा, पारस जैन, गोविंद सिंह, विष्णु शर्मा, चंद्रवीर सिंह, मनोज, परम ऋषि, के.पी. सिंह, हितेश, शुभम, उमेश शर्मा, पूजा, हेमलता, मंजू सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को जीवन पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।