गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 6.0 के तहत बहराइच में मेगा स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों मरीजों का निःशुल्क उपचार

बहराइच। नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ) के तत्वावधान में गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 6.0 के अंतर्गत किसान डिग्री कॉलेज परिसर में भव्य मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अवध प्रांत के प्रांत प्रचारक कौशल किशोर, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि प्रांत प्रचारक कौशल किशोर ने कहा कि गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा की शुरुआत वर्ष 2019 में सीमावर्ती और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने बताया कि देश के 80 से अधिक मेडिकल कॉलेजों के चिकित्सक और मेडिकल छात्र इस सेवा यात्रा में सहभागिता कर रहे हैं, जो सेवा भाव का सशक्त उदाहरण है। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है और यही इस यात्रा की मूल भावना है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय राय ने कहा कि संघ की यह दूरदर्शी पहल है, जिसके माध्यम से मेडिकल कॉलेजों के छात्र ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर निःस्वार्थ भाव से चिकित्सा सेवा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा का उद्देश्य केवल उपचार तक सीमित नहीं, बल्कि समाज निर्माण की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज बहराइच के प्राचार्य डॉ. संजय खत्री ने की, जबकि संचालन डॉ. बृजेश शुक्ला एवं डॉ. पुष्पेंश मिश्रा ने किया। विशिष्ट अतिथियों में एनएमओ अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार, आरएमएल अस्पताल के सीएमएस डॉ. विक्रम सिंह, लोहिया संस्थान लखनऊ के निदेशक प्रो. सी.एम. सिंह, सीएमओ डॉ. संजय कुमार, एनएमओ जिला अध्यक्ष डॉ. सारिका साहू सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
स्वास्थ्य शिविर में केजीएमयू, आरएमएल, एसजीपीजीआई, महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज सहित विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सैकड़ों मरीजों की जांच कर निःशुल्क उपचार, परामर्श, दवाइयां और जांच सुविधाएं उपलब्ध कराईं। आयोजन में बड़ी संख्या में चिकित्सक, स्वयंसेवक और नागरिक उपस्थित रहे तथा अतिथियों और मरीजों के लिए भंडारे की भी व्यवस्था की गई थी।