
गोला गोकर्णनाथ (खीरी)। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर छोटी काशी कहे जाने वाले गोला गोकर्णनाथ में लाखों शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। “हर-हर बम-बम” के जयकारों से पूरा नगर शिवमय हो उठा। प्रशासन एवं मंदिर प्रबंधन श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर और मंदिर परिसर में व्यापक इंतजाम किए गए। गोला एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी, चेयरमैन विजय शुक्ला ‘रिंकू’, तहसीलदार भीमचंद, नायब तहसीलदार भानु प्रताप सिंह व ताहिर स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी में जुटे रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सीओ गोला रमेश तिवारी और कोतवाली प्रभारी अंबर सिंह पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर एवं प्रमुख मार्गों पर मुस्तैद रहे। पूरे क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई। प्रशासन हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रहा।
तहसील से कानूनगो अरुणेश मिश्रा, लेखपाल अनिल त्रिपाठी, रमेश कुमार, मुबारक, कैलाश तथा नगर पालिका परिषद गोला के ईओ संजय कुमार, सफाई निरीक्षक संदीप वर्मा, लिपिक मोहित अवस्थी, अमित श्रीवास्तव और अवधेश कुमार सहित अन्य कर्मचारी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सक्रिय रहे।
महाशिवरात्रि के अवसर पर आस्था, अनुशासन और प्रशासनिक सतर्कता का अद्भुत संगम देखने को मिला।