मैगलगंज में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सेठ जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता की स्मृति में भव्य स्मृति द्वार का अनावरण

अनूप गुप्ता MLC का विशेष योगदान

नीमगांव/गोला गोकर्णनाथ, खीरी। मैगलगंज में औरंगाबाद–लखीमपुर रोड पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय सेठ जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता की स्मृति में निर्मित भव्य स्मृति द्वार का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। यह स्मारक उनके त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा को समर्पित है। क्षेत्रवासियों ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए लखीमपुर के जननेता एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री तथा विधान परिषद सदस्य (MLC) अनूप गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया है।
स्वर्गीय सेठ जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता स्वतंत्रता संग्राम के उन सेनानियों में रहे, जिन्होंने देश की आजादी के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके सम्मान में बनाया गया यह स्मृति द्वार क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को सहेजने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अनूप गुप्ता के विशेष प्रयासों और पहल से ही यह कार्य संभव हो सका।
स्मृति द्वार न केवल स्व. सेठ जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता के बलिदान को स्थायी सम्मान प्रदान करेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी देशभक्ति और राष्ट्रसेवा के उच्च आदर्शों की प्रेरणा देगा। क्षेत्रवासियों ने कहा कि ऐसे स्मारक समाज को अपने इतिहास और नायकों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
यह पहल स्थानीय समुदाय के लिए गर्व का विषय बन गई है। लोगों का मानना है कि यह स्मृति द्वार जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता और अपने क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास को संरक्षित करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।