बहराइच में सरकारी स्कूलों की 13 हजार किताबें कबाड़ी को बेची गईं, चार गिरफ्तार; तीन कर्मचारियों पर गिरी गाज

बहराइच। जिले में सरकारी स्कूलों की किताबें मात्र 4 रुपये किलो के भाव कबाड़ी को बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने छापा मारकर कुल 13,082 किताबें बरामद कीं और इस मामले में बीएसए दफ्तर के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी आलोक मिश्रा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान कबाड़ी दिलशाद के यहां से बड़ी मात्रा में सरकारी पाठ्य पुस्तकें मिलीं। इस मामले में आलोक मिश्रा के अलावा कबाड़ी दिलशाद, शुभांकर गुप्त और अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद किताबें बेसिक शिक्षा विभाग से संबंधित बताई जा रही हैं, जिन्हें विद्यार्थियों में वितरित किया जाना था।

मामला उजागर होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बीएसए कार्यालय के कर्मचारी आशुतोष सिंह, दीपक कुमार और अतुल सिंह को बर्खास्त कर दिया है। वहीं, ब्लॉक ऑफिसर डॉली मिश्रा और अकाउंट ऑफिसर वीरेश वर्मा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।

सूत्रों के अनुसार, इस पूरे प्रकरण में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। बताया जा रहा है कि कबाड़ी से तीन कथित पत्रकारों ने वीडियो वायरल करने के नाम पर वसूली भी की। हालांकि इस संबंध में पुलिस जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने कहा है कि सरकारी पुस्तकों की खरीद, भंडारण और वितरण प्रक्रिया की गहन जांच कराई जा रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार की पुनरावृत्ति न हो। मामले से शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।