लखनऊ विश्वविद्यालय में लाल बारादरी विवाद: हनुमान चालीसा पाठ को लेकर हंगामा, पुलिस से झड़प


उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ विश्वविद्यालय में लाल बारादरी को लेकर विवाद गहरा गया। संरक्षित इमारत लाल बारादरी को बंद किए जाने के बाद छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए, जिससे परिसर में तनाव की स्थिति बन गई।
जानकारी के मुताबिक, एक गुट बारादरी को खोलने की मांग कर रहा है, जबकि दूसरा गुट सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इसे बंद रखने के पक्ष में है। इसी विवाद के बीच कुछ छात्रों ने परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया और जय श्री राम के नारे लगाए। छात्रों का आरोप है कि लाल बारादरी में नमाज अदा करने और रोजा इफ्तार की अनुमति दिए जाने की चर्चा से वे आक्रोशित हैं।


विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि लाल बारादरी एक संरक्षित इमारत है और उसे सुरक्षा कारणों व फेंसिंग कार्य के चलते अस्थायी रूप से बंद किया गया है। प्रशासन लगातार छात्रों को समझाने का प्रयास करता रहा, लेकिन माहौल गर्माता गया। इस दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब कुछ छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे कुछ छात्रों को हिरासत में लिया। परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।