
अछनेरा। क्षेत्र की होनहार छात्रा गुंजन सारस्वत ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर एमबीबीएस में प्रवेश हासिल कर लिया है। खास बात यह है कि गुंजन ने बिना किसी कोचिंग के स्वयं अध्ययन के माध्यम से यह सफलता प्राप्त की है, जिससे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
गुंजन, अछनेरा निवासी दिनेश सारस्वत की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर कक्षा 12 तक की पढ़ाई ग्रीनलैंड स्कूल, अछनेरा से पूरी की। इसके बाद उन्होंने नीट परीक्षा की तैयारी पूरी लगन और आत्मविश्वास के साथ की और परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए ऑटोनोमस स्टेट मेडिकल कॉलेज, सोनभद्र में एमबीबीएस में प्रवेश पाया।
गुंजन की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों में भी खुशी की लहर है। लोगों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद गुंजन ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है।
बेटी की इस सफलता पर परिवार में उत्सव जैसा माहौल रहा। गुंजन के पिता दिनेश सारस्वत ने भगवान का आभार व्यक्त करते हुए घर पर सुंदरकांड पाठ और सामूहिक भोज का आयोजन कराया, जिसमें रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोगों ने पहुंचकर गुंजन को शुभकामनाएं दीं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।