UP में गर्मी पर भारी पड़ा मौसमी सिस्टम, बारिश-ओलों का अलर्ट जारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बीते दिनों बढ़ती गर्मी से परेशान लोगों को अब राहत मिलने वाली है, क्योंकि दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार इनके प्रभाव से तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आएगी और 29 मार्च के बाद प्रदेशभर में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और बारिश का असर मैदानी क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के रूप में महसूस किया जा रहा है। नोएडा, गाजियाबाद और पूर्वांचल के कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी और बादलों ने मौसम को सुहावना बना दिया है, जिससे गर्मी से राहत मिली है।

हालांकि, यह बदलाव किसानों के लिए चिंता का कारण बन गया है। गेहूं, सरसों और चने की तैयार फसल पर तेज हवा और बारिश का खतरा मंडरा रहा है। सरकार ने किसानों को फसल सुरक्षित करने और नुकसान की स्थिति में फसल बीमा योजना का लाभ लेने की सलाह दी है।

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 38 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर समेत कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। मार्च का अंतिम सप्ताह प्रदेश में कभी धूप तो कभी बारिश के बीच उतार-चढ़ाव भरा रहने वाला है।