
कोसीकलां। नगर पालिका क्षेत्र में प्रस्तावित टैक्स वृद्धि को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। पूर्व पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुर्जर ने बढ़े हुए टैक्स प्रस्ताव पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे जनविरोधी कदम बताया है। उन्होंने साफ कहा कि यदि टैक्स प्रणाली में बदलाव वापस नहीं लिया गया तो नगर में जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
नरेंद्र गुर्जर ने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही आम जनता पर अतिरिक्त टैक्स का बोझ डालना पूरी तरह अनुचित है। उनका कहना था कि ऐसे फैसले बिना जनता की सहमति के नहीं लिए जाने चाहिए, क्योंकि यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि प्रस्तावित टैक्स वृद्धि पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए।
पूर्व अध्यक्ष ने नगर की बाहरी कॉलोनियों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में अब भी सड़क, सफाई और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाएं संतोषजनक नहीं हैं। ऐसे में टैक्स बढ़ाना जनता के साथ अन्याय है। उनका कहना था कि पहले सुविधाएं बेहतर की जाएं, उसके बाद ही किसी तरह के टैक्स बढ़ाने पर विचार किया जाना चाहिए।
नरेंद्र गुर्जर ने पालिका अध्यक्ष से अपील की कि इस मुद्दे पर बोर्ड बैठक बुलाई जाए और प्रस्तावित टैक्स वृद्धि को खारिज किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि या तो पुरानी टैक्स प्रणाली को ही लागू रखा जाए या फिर नई दरों को कम कर आम जनता को राहत दी जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने जनता की आवाज को नजरअंदाज किया, तो वे नगरवासियों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। उनके इस बयान के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक माहौल गरमा गया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और हलचल बढ़ने की संभावना है।