लखनऊ। क्रिकेट प्रेमियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लखनऊ मेट्रो ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स के मैचों के दिनों में अपनी सेवाएं रात 12:30 बजे तक बढ़ाने का फैसला किया है। यह सुविधा लगातार चौथे वर्ष दी जा रही है। आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से हो चुकी है। शाम 7:30 बजे शुरू होने वाले मैचों के मद्देनजर मेट्रो ने देर रात तक सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया है।
लखनऊ में सायंकालीन मैच की तिथियां
यात्रियों की सुविधा के लिए इंदिरा नगर और ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन से इकाना स्टेडियम तक दोपहर 3 बजे से हर 15 मिनट पर फीडर बसें चलाई जाएंगी। मैच खत्म होने के बाद भी स्टेडियम से मेट्रो स्टेशनों तक बस सेवा जारी रहेगी। वहीं 1 अप्रैल, 22 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 15 मई और 23 मई 2026 को मेट्रो सेवाएं मध्यरात्रि तक उपलब्ध रहेंगी।
सुरक्षित एवं विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध: एमडी
यूपीएमआरसी के एमडी सुशील कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यात्रियों को सुरक्षित एवं विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। क्रिकेट प्रेमियों को सुरक्षित, आरामदायक और निर्बाध यात्रा देने के लिए हमने लगातार चौथे वर्ष भी लखनऊ मेट्रो की मध्यरात्रि सेवाएं जारी रखी हैं। हमारा उद्देश्य केवल सफर कराना नहीं, बल्कि हर यात्री को एक बेहतरीन और यादगार अनुभव देना है।