
लखनऊ, 30 मार्च 2026। सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) द्वारा आयोजित ‘डिवाइन एजुकेशन कॉन्फ्रेंस’ में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी ने कहा कि सीएमएस चरित्र निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल अधिकारों की जानकारी देना नहीं, बल्कि कर्तव्यों का बोध कराना भी है, और सीएमएस इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। कार्यक्रम का आयोजन सीएमएस राजेन्द्र नगर कैम्पस प्रथम द्वारा कानपुर रोड ऑडिटोरियम में किया गया, जहां मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
नंदी ने सीएमएस के संस्थापक स्व. डॉ. जगदीश गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच के कारण आज

सीएमएस के छात्र विश्वभर में उच्च पदों पर रहकर समाज की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने भीतर मानवीय मूल्यों और संवेदनशीलता को बनाए रखें, क्योंकि यही उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर सीएमएस की प्रबंधक प्रो. गीता गांधी किंगडन ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सीएमएस ने शिक्षा प्रणाली में नवाचार और रचनात्मकता को अपनाया है, जिससे छात्र वैश्विक समाज के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सकें। कार्यक्रम में छात्रों ने प्रार्थना, सर्वधर्म प्रार्थना, विश्व एकता प्रार्थना, कव्वाली एवं ‘वर्ल्ड पार्लियामेंट’ जैसे आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान मेधावी छात्रों को सम्मानित भी किया गया। कैम्पस की प्रधानाचार्या श्रीमती जयश्री कृष्णन ने अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इसी क्रम में सीएमएस जॉपलिंग रोड कैम्पस द्वारा गोमती नगर एक्सटेंशन ऑडिटोरियम में भी भव्य ‘डिवाइन एजुकेशन कॉन्फ्रेंस’ आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जितेन्द्र कुमार पांडेय, सहायक आयुक्त, राज्य जीएसटी विभाग ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि बेहतर समाज के निर्माण के लिए शिक्षकों और अभिभावकों को मिलकर बच्चों के चरित्र निर्माण पर कार्य करना होगा। उन्होंने सीएमएस की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय छात्रों को राष्ट्र और समाज के प्रति सकारात्मक योगदान के लिए प्रेरित कर रहा है।
इस अवसर पर सीएमएस की संस्थापक-निदेशक डॉ. भारती गांधी ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ऐसे विचारों का विकास करती है, जो युवाओं को मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। छात्रों ने ‘ब्रॉडर एंड बोल्डर’ शिक्षा प्रणाली को दर्शाते हुए प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। जॉपलिंग रोड कैम्पस की प्रधानाध्यापिका श्रीमती सोनाली चौधरी ने अभिभावकों के प्रति आभार जताया।
वहीं, सीएमएस गोमती नगर कैम्पस प्रथम द्वारा भी इसी ऑडिटोरियम में सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन सीएसआईआर-एनबीआरआई, लखनऊ के निदेशक डॉ. अजीत कुमार शसान्य ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सीएमएस ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा दे रहा है, जो अत्यंत सराहनीय है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती सोमा चंद्रा ने अभिभावकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।