यूपी में 27 आईपीएस अफसरों का तबादला, 13 जिलों के कप्तान बदले

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 27 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस व्यापक बदलाव में 13 जिलों के पुलिस कप्तानों को भी बदल दिया गया है, जिससे प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया है।
जारी सूची के अनुसार चंद्रप्रकाश को आईजी सुरक्षा बनाया गया है, जबकि राजेश द्विवेदी को पीएसी अलीगढ़ का सेनानायक नियुक्त किया गया है। प्रबल प्रताप सिंह को एसपी क्राइम मुख्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में विद्या सागर मिश्रा को पीएसी सीतापुर, राजेश कुमार द्वितीय को पीएसी मेरठ और डॉ दुर्गेश कुमार को एसएसएफ अयोध्या का सेनानायक बनाया गया है। रामनयन सिंह को पीएसी नोएडा की कमान सौंपी गई है।
जनपदों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती के तहत आदित्य लांग्हे को फिरोजाबाद, ईला मारन को एटा, सौरभ दीक्षित को शाहजहांपुर और सोमेंद्र मीणा को रामपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा विश्वजीत श्रीवास्तव को बहराइच, लाखन सिंह यादव को अमरोहा, विनय सिंह को जालौन तथा शशांक सिंह को महोबा का एसपी बनाया गया है।
इसी तरह शक्ति मोहन अवस्थी को महराजगंज, आकाश पटेल को चंदौली, सत्य नारायण प्रजापति को कौशांबी तथा मृगांक शेखर पाठक को हमीरपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
अन्य तैनातियों में डॉ दीक्षा शर्मा को लखनऊ कमिश्नरेट में डीसीपी, निपुण अग्रवाल को पीएसी मुरादाबाद, आदित्य बंसल को अलीगढ़ और अमृत जैन को मुजफ्फरनगर में एसपी सिटी बनाया गया है।
प्रदेश सरकार के इस बड़े प्रशासनिक कदम को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।