
लखनऊ। मिड-साइज मोटरसाइकिल सेगमेंट में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाली रॉयल एनफील्ड ने 2026 के लिए हंटर 350 पोर्टफोलियो का विस्तार कर दिया है। साल 2022 में खासतौर पर शहरी सड़कों को ध्यान में रखकर लॉन्च की गई हंटर 350 की सफलता के बाद कंपनी ने अब टारमैक ब्लैक रंग में एक नया बेस प्रीमियम वैरिएंट पेश किया है। इसके साथ ही टॉप वैरिएंट में मुंबई यलो और मूनशॉट व्हाइट जैसे दो नए आकर्षक कलर ऑप्शन भी जोड़े गए हैं।
स्ट्रीट कल्चर, म्यूजिक और आर्ट का दिखा अनोखा संगम
इन तीनों नई मोटरसाइकिलों को लखनऊ में आयोजित रॉयल एनफील्ड के स्ट्रीट कल्चर प्लेटफॉर्म ‘हंटरहुड’ में प्रदर्शित किया गया। इस इवेंट में म्यूजिक, आर्ट और स्ट्रीट एक्सप्रेशन का शानदार मिश्रण देखने को मिला। देश के कई शहरों—चेन्नई, दिल्ली, मुंबई और शिलॉन्ग-में सफलता के बाद यह आयोजन लखनऊ पहुंचा, जहां हजारों प्रतिभागियों और कलाकारों ने इसमें हिस्सा लिया।
नए वैरिएंट में बेहतर फीचर्स और एक्सपीरियंस
नया बेस प्रीमियम वैरिएंट हंटर 350 की एंट्री लेवल पेशकश को और अधिक आकर्षक बनाता है। इसमें मिड और टॉप वैरिएंट के चुनिंदा फीचर्स शामिल किए गए हैं, जिससे यह राइडर्स को बेहतर विजुअल और इंटरफेस अनुभव देता है। हालांकि, कंपनी ने इसकी मूल पहचान—सहज राइडिंग, आसान कंट्रोल और प्योर मोटरसाइक्लिंग एक्सपीरियंस—को बरकरार रखा है।
मुंबई यलो और मूनशॉट व्हाइट में अलग पहचान
टॉप वैरिएंट में जोड़े गए नए कलर हंटर 350 की पहचान को और मजबूत बनाते हैं। मुंबई यलो एक बोल्ड और हाई-इंपैक्ट रंग है, जो शहर की ऊर्जा, बॉलीवुड और आर्ट से प्रेरित है। वहीं मूनशॉट व्हाइट का डिजाइन आकाशीय तत्वों और क्रिएटिव ग्राफिक्स के जरिए सेल्फ-एक्सप्रेशन को दर्शाता है।

नई पीढ़ी की पसंद बन रही हंटर 350
रॉयल एनफील्ड के चीफ कमर्शियल ऑफिसर यादविंदर सिंह गुलेरिया ने कहा कि हंटर 350 नई पीढ़ी के राइडर्स के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। उन्होंने बताया कि नया बेस प्रीमियम वैरिएंट प्लेटफॉर्म को और मजबूत करेगा और ज्यादा राइडर्स तक इसकी पहुंच बढ़ाएगा। कंपनी का मानना है कि यह बाइक अब सिर्फ शहरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि छोटे कस्बों और ग्रामीण इलाकों में भी अपनी पहचान बनाएगी।
4 अप्रैल से शुरू हुई बिक्री और टेस्ट राइड
2026 हंटर 350 के नए वैरिएंट और कलर की रिटेलिंग और टेस्ट राइड 4 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है। यह मोटरसाइकिल रॉयल एनफील्ड की अधिकृत डीलरशिप्स और कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।