
शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा ने बिलग्राम ब्लॉक का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अभिलेख, संचालित योजनाओं की प्रगति और कार्यालय की कार्यप्रणाली की बारीकी से जांच की। इस दौरान कई स्थानों पर कमियां और लापरवाही सामने आने पर सीडीओ ने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीडीओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए तथा आम जनता को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही और सभी अपने-अपने कार्यों को दुरुस्त करने में जुटे नजर आए। सीडीओ ने चेतावनी दी कि भविष्य में शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।