UPMRC की एलएसजी-मेट्रो सेल्फी प्रतियोगिता: प्रतियोगिता में भाग लेकर जीतें सुपर जायंट्स से मिलने का मौका

लखनऊ। लखनऊ मेट्रो के यात्रियों के लिए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने एक खास और रोमांचक पहल की शुरुआत की है। ‘एलएसजी-मेट्रो सेल्फी प्रतियोगिता’ के जरिए यात्रियों को आईपीएल टीम लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाड़ियों से मिलने और उनके लाइव प्रैक्टिस सेशन को करीब से देखने का मौका दिया जा रहा है। यह पहल शहर के मेट्रो यात्रियों को एक अनोखा और यादगार अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए यात्रियों को एलएसजी खिलाड़ियों और टीम के आर्टवर्क से सजी विशेष ‘एलएसजी मेट्रो’ के साथ सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए सेल्फी या फोटो क्लिक करनी होगी। इसके बाद प्रतिभागियों को अपनी फोटो इंस्टाग्राम, फेसबुक या एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करनी होगी। पोस्ट करते समय यूपीएमआरसी के आधिकारिक हैंडल @officialupmrc को टैग करना अनिवार्य होगा, साथ ही डायरेक्ट मैसेज के जरिए अपना मोबाइल नंबर भी साझा करना होगा, ताकि चयन प्रक्रिया में संपर्क किया जा सके।

विजेताओं को मिलेगा एलएसजी से जुड़ी आकर्षक मर्चेंडाइज

प्रतियोगिता के तहत चुने गए शीर्ष तीन विजेताओं को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में एलएसजी टीम के लाइव प्रैक्टिस सेशन को देखने का विशेष अवसर मिलेगा। इसके अलावा विजेताओं को एलएसजी से जुड़ी आकर्षक मर्चेंडाइज भी प्रदान की जाएगी, जो इस अनुभव को और खास बना देगी।

अंतिम तिथि 13 अप्रैल 2026 निर्धारित

यूपीएमआरसी की इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों के साथ जुड़ाव को और मजबूत करना है, साथ ही उन्हें मनोरंजन और खेल के साथ जोड़ते हुए मेट्रो यात्रा को अधिक रोचक बनाना है। प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 13 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है, इसलिए इच्छुक प्रतिभागियों को समय रहते अपनी एंट्री भेजने की सलाह दी गई है।