निगोहां में सड़क किनारे मिला 22 वर्षीय युवक का शव: परिजनों ने दोस्तों पर लगाए गंभीर आरोप

लखनऊ। राजधानी के निगोहां थानाक्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। जानकरी के मुताबिक युवक सोमवार को काम पर गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने निगोहां कस्बे से गांव जाने वाली सड़क के किनारे एक शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान नंदौली गांव निवासी रैंकिश के रूप में की।

परिजनों का आरोप-दोस्तों ने की हत्या

मृतक के बड़े भाई लवकुश के अनुसार, रैंकिश सोमवार सुबह ब्रह्मदासपुर के राजमिस्त्री नंदकिशोर और अपने साथी रामराज के साथ लखनऊ शहर में निर्माण कार्य के लिए गया था। शाम तक घर न लौटने पर परिवार ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन रातभर कोई जानकारी नहीं मिली। सुबह शव मिलने की सूचना पर जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने आरोप लगाया कि उसके साथ काम पर जाने वाले दोस्तों ने ही उसकी हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।