लखनऊ में रील बना रहे युवक की मौत: कमरा बंद करके फंदा लगाया, बैलेंस बिगड़ने से गला कसा हुई मौत

लखनऊ। राजधानी के मड़ियांव इलाके में सोशल मीडिया रील बनाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां 18 वर्षीय युवक की फांसी का सीन शूट करते समय संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह वास्तविक रूप से फंदे पर झूल गया। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान सुबह उसकी मौत हो गई।

परिजनों के मुताबिक 5 अप्रैल रविवार सुबह करीब 11 बजे जाकिर की मां शहनाज घर में खाना बना रही थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य काम पर गए हुए थे। इसी दौरान जाकिर अपने कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। बताया जा रहा है कि वह फांसी का सीन बनाकर रील शूट कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फंदे पर लटक गया।

दरवाजा तोड़कर निकाला गया, अस्पताल में चल रहा था इलाज

काफी देर तक कमरे से कोई आहट न मिलने पर मां को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों और पड़ोसियों को बुलाकर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर जाकिर फंदे से लटका हुआ मिला और बेहोश था। उसे तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन बुधवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

परिवार की आर्थिक स्थिति साधारण, सोशल मीडिया पर था सक्रिय

मृतक के पिता मो. रफीक कबाड़ का काम करते हैं। जाकिर ने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद स्कूल छोड़ दिया था। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। परिवार में सबसे बड़ा जहांगीर सिद्दीकी, उसके बाद जबीर और सबसे छोटा जमील है।

जाकिर सोशल मीडिया पर भी सक्रिय था। उसने इंस्टाग्राम पर “ऑफिशियल जाकिर सिड” नाम से अकाउंट बनाया था, जिसमें खुद को डिजिटल क्रिएटर बताया था। उसकी प्रोफाइल में परिवार के प्रति प्रेम और अपने व्यक्तिगत विचार लिखे हुए थे। उसके अकाउंट पर 11 पोस्ट और 1,718 फॉलोअर्स थे।

वीडियो पोस्ट को मिले हजारों लाइक

जाकिर द्वारा अपलोड किए गए वीडियो में एक युवक को सरिया के बंडल में बंधा दिखाया गया है, जिसे पानी पिलाया जा रहा है। इस वीडियो के बैकग्राउंड में एक संदेश सुनाई देता है,वो इंसान कभी हार नहीं मान सकता, जिसको उम्मीद अल्लाह से हो। इस पोस्ट को 2,600 से ज्यादा लोगों ने लाइक किया था।