लखनऊ। उत्तर प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर परियोजना को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। चित्रकूट नोड में 75 हेक्टेयर भूमि भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) को आवंटित की गई है, जिससे प्रदेश में रक्षा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर BEL के सीएमडी मनोज जैन को औपचारिक रूप से आवंटन पत्र सौंपा गया। इस निवेश से रक्षा उत्पादन, तकनीकी नवाचार और स्वदेशीकरण को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा।
कार्यक्रम में अवस्थापना आयुक्त दीपक कुमार और सचिव अमित सिंह भी उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और मंत्री बलदेव सिंह औलख ने भी कार्यक्रम में भागीदारी की।
सरकार का मानना है कि डिफेंस कॉरिडोर के तहत हो रहे इस तरह के निवेश से प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और स्थानीय युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में नई संभावनाएं मिलेंगी। साथ ही, यह परियोजना उत्तर प्रदेश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।