हरदोई। जनपद हरदोई के माधोगंज क्षेत्र में बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट लेते हुए तबाही मचा दी। इंदलापुर, तपनौर, जेहदीपुर सहित आसपास के कई गांवों में तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के साथ करीब एक घंटे तक ओलावृष्टि हुई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, लगभग 30 मिनट तक लगातार बारिश के साथ 40 से 50 ग्राम तक के बड़े-बड़े ओले गिरे। अचानक हुई इस ओलावृष्टि से सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई स्थानों पर राहगीरों और वाहन चालकों को अपने वाहन छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा।

इस तेज बारिश और ओलावृष्टि का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ा है। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। किसानों का कहना है कि फसल कटाई के समय आई इस आपदा ने उनकी उम्मीदों को झटका दिया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगहों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। मौसम के इस अचानक बदले मिजाज ने पूरे इलाके में चिंता का माहौल बना दिया है।
स्थानीय प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किए जाने की संभावना है, वहीं किसान सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।