IT कॉलेज में बैकलॉरिएट पुरस्कार समारोह का भव्य आयोजन: मेधावी-छात्राओं और रिटायर्ड शिक्षकों का मिला सम्मान

लखनऊ। राजधानी के प्रतिष्ठित इजाबेला थोबर्न कॉलेज में शुक्रवार को बैकलॉरिएट पुरस्कार समारोह बड़े उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। एशिया के प्रथम नारी अध्ययन केंद्र के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाला यह संस्थान वर्षों से शैक्षणिक उत्कृष्टता का केंद्र रहा है और छात्राओं को सशक्त बनाकर उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। कॉलेज की यह गौरवशाली परंपरा छात्रों की उपलब्धियों को सम्मानित करने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का प्रतीक है।

समारोह कॉलेज अध्यक्ष डॉ. ईएस. चार्ल्स के संरक्षण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रेवरेंड बिशप डॉ. सी सेल्विन उपस्थित रहे, जिन्होंने अपनी पत्नी एल. सेल्विन के साथ कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सीखने की प्रक्रिया जीवनभर चलती है और शिक्षा केवल ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि यह जीवन में सामंजस्य, जिम्मेदारी और नैतिकता का भी मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने तकनीकी युग में चरित्र निर्माण को सर्वोपरि बताते हुए छात्राओं को अपनी क्षमताओं का पूर्ण विकास करने की शुभकामनाएं दीं।

दीप प्रज्ज्वलन और आराधना से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. (मेजर) नीरजा मसीह द्वारा आराधना के आह्वान से हुई। इस दौरान धर्मग्रंथ पाठ, प्रार्थनाएं और भजन प्रस्तुत किए गए। ज्ञान के प्रतीक दीप का प्रज्ज्वलन मुख्य अतिथि, उनकी पत्नी, प्राचार्या डॉ. नीरजा मसीह, प्रोफेसर सीमा जोशी, प्रोफेसर विनीता विजय और डॉ. पॉल मैथ्यू द्वारा किया गया।

सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान

समारोह में इस शैक्षणिक सत्र में सेवानिवृत्त हो रहे संकाय सदस्यों—प्रोफेसर सीमा जोशी (रसायन शास्त्र), प्रोफेसर विनीता विजय (गणित) और डॉ. पॉल मैथ्यू (शिक्षा शास्त्र) को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उनके शिक्षण और मार्गदर्शन ने कॉलेज की शैक्षणिक परंपरा को समृद्ध किया है।

मेधावी छात्राओं को पुरस्कार और छात्रवृत्तियां

इस अवसर पर शैक्षणिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र, पदक और छात्रवृत्तियां प्रदान की गईं। प्रमुख सम्मान इस प्रकार रहे—

इज़ाबेला थोबर्न छात्रवृत्ति – महक आल्टर (बीए तृतीय वर्ष)
मैरी ई. शैनन छात्रवृत्ति – जेसिका पालिन लाकरा (बीएचएससी द्वितीय वर्ष)
मार्जोरी डिमिट छात्रवृत्ति – अस्मा वजाहत (बीए तृतीय वर्ष)
ओलिव रेडिक छात्रवृत्ति – माही सिंह (बीए तृतीय वर्ष)

इसके अतिरिक्त सारा चक्को फेलोशिप नैना तिवारी (एमएससी) और अनुष्का सिंह (बीएड) को प्रदान की गई, जबकि सारा चक्को मेरिट अवार्ड प्रशंसा (बीए), दिव्यांशी पांडे (बीकॉम) और अंशिका वर्मा (बीएससी) को दिया गया।

विभिन्न विषयों में टॉपर्स का सम्मान

स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। बीए में शैमिल नाज़, बीएससी पीसीएम में कनिष्का सिंह, बीएससी (जेडबीसी) में अंबरीन खान, बीकॉम में कृतिका राणा और बीएचएससी में भूमिका वर्मा ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

स्नातकोत्तर स्तर पर जावेरिया नजाम (अंग्रेजी), वैशाली वर्मा (अर्थशास्त्र), ताशु (भूगोल), साइमा सिद्दीकी (समाजशास्त्र) और अनन्या श्रीवास्तव को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। वहीं एमएससी और अन्य पाठ्यक्रमों में मेघा कुमारी (जैव प्रौद्योगिकी), अक्सा खान (रसायन विज्ञान), उज़मा बानो (पोषण), अफरीन खान (प्राणी विज्ञान) और सारा फातिमा (बी.लिब.एससी) को सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर पुरस्कार प्रदान किए गए।