
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के संगठन विस्तार अभियान को गति देते हुए शुक्रवार को एक भव्य सदस्यता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकदल के व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके संबोधन ने कार्यकर्ताओं और नवसदस्यों में उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम की सफलता में प्रदेश सचिव अनीता यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके अथक प्रयासों से महिलाओं और पुरुषों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान उषा मौर्य, रेणुका वर्मा, राम लोटन और अंजू रावत सहित कई लोगों ने राष्ट्रीय लोकदल की नीतियों और विचारधारा में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ली। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने पार्टी के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
सम्मान, सुरक्षा और उन्नति के लिए निरंतर कार्य
इस खास मौके पर मुख्य अतिथि रोहित अग्रवाल ने कहा कि चौधरी चरण सिंह की नीतियां हमेशा किसानों और व्यापारियों के हित में रही हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल उन्हीं आदर्शों पर चलते हुए व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और उन्नति के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान आर्थिक परिवेश में छोटे और मध्यम व्यापारियों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे समय में पार्टी उनकी आवाज बनकर उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आगे कहा कि व्यापारियों के अधिकारों की सुरक्षा, सरल कर व्यवस्था और व्यापार को सुगम बनाने के लिए पार्टी निरंतर संघर्षरत है और भविष्य में भी व्यापारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने नवसदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश यादव ने की। जबकि संचालन का दायित्व रामवती तिवारी ने सफलतापूर्वक निभाया। इस अवसर पर अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल, तराई क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष पीके पाठक, प्रदेश महासचिव चंद्रकांत अवस्थी, प्रदेश सचिव सुजाता चौधरी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वहीं कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया। सभी उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर पार्टी के विस्तार और जनाधार बढ़ाने का संकल्प लिया।