मऊ में शिक्षामित्र सम्मान समारोह संपन्न, बढ़ा मानदेय वितरण कार्यक्रम आयोजित

लखनऊ। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में मऊ के नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में शिक्षामित्र सम्मान समारोह एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जनपद भर से बड़ी संख्या में शिक्षामित्रों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से आयोजित प्रदेशव्यापी कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के साथ हुआ। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने शिक्षामित्रों के धैर्य, समर्पण और शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उनके सम्मान और आर्थिक सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री ए.के. शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और शिक्षामित्र प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल मानदेय वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि शिक्षामित्रों के प्रति सरकार के विश्वास और सम्मान का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान कंपोजिट विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को जीवंत बना दिया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष उपाध्याय, जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।